तीसरी-चौथी लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, नेपानगर में 8250 वर्गमीटर रेलवे भूमि अतिक्रमण मुक्त

भुसावल। मध्य रेल के भुसावल मंडल ने रेलवे अधोसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नेपानगर स्टेशन के निकट संजय नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान तीसरी एवं चौथी रेल लाइन परियोजना के लिए आवश्यक 8250 वर्गमीटर रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान के तहत कुल 60 अवैध संरचनाओं को हटाया गया। कि.मी. 523/918 से 524/250 तक लगभग 330 मीटर लंबे और 25 मीटर चौड़े क्षेत्र को खाली कराकर रेलवे के कब्जे में लिया गया। यह भूमि तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए चिन्हित की गई है।

अभियान भुसावल मंडल के अभियांत्रिकी एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुआ। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा स्थानीय पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी।

रेलवे का कहना है कि भूमि खाली होने के बाद अब ट्रैक बिछाने और अन्य आवश्यक आधारभूत संरचना कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इससे परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी और भविष्य में रेल परिचालन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। रेलवे का उद्देश्य सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनहित से जुड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करना है।