सेंट्रल रेलवे में मेगा ब्लॉक की घोषणा, हार्बर और मेन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित

सेंट्रल रेलवे में मेगा ब्लॉक की घोषणा, हार्बर और मेन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित

मुंबई। सेंट्रल रेलवे, मुंबई मंडल द्वारा 07 जून 2026 (रविवार) को हार्बर लाइन पर तथा 06/07 जून 2026 की मध्य रात्रि में मेन लाइन पर आवश्यक इंजीनियरिंग एवं रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान उपनगरीय रेल सेवाओं का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा।

रेल प्रशासन के अनुसार मेन लाइन पर विशेष मिड-नाइट ब्लॉक 06/07 जून की रात 00:05 बजे से 05:05 बजे तक सीएसएमटी से विद्याविहार सेक्शन के अप एवं डाउन स्लो लाइनों पर रहेगा। इस अवधि में कई लोकल सेवाओं को फास्ट लाइन पर डायवर्ट कर निर्धारित स्टेशनों पर रोका जाएगा। ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी से प्रस्थान करने वाली डाउन स्लो लोकल ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकते हुए फास्ट लाइन से विद्याविहार तक संचालित होंगी और आगे पुनः स्लो लाइन पर जाएंगी। इसी प्रकार अप स्लो सेवाएं घाटकोपर से फास्ट लाइन पर डायवर्ट की जाएंगी।

रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ब्लॉक से पहले अंतिम डाउन लोकल सीएसएमटी-टिटवाला 23:16 बजे रवाना होगी, जबकि ब्लॉक के बाद पहली डाउन लोकल सीएसएमटी-कसारा 05:07 बजे चलेगी। इसी तरह अंतिम अप लोकल कर्जत से सीएसएमटी 22:22 बजे तथा पहली अप लोकल 04:12 बजे रवाना होगी।

इसके अलावा 07 जून 2026 (रविवार) को हार्बर लाइन पर सीएसएमटी?चुनाभट्टी/बांद्रा सेक्शन में दिन का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक सीएसएमटी से चुनाभट्टी/बांद्रा डाउन हार्बर लाइन पर 11:40 बजे से 16:40 बजे तक तथा अप लाइन पर 11:10 बजे से 16:10 बजे तक प्रभावी रहेगा।

इस दौरान सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल के बीच तथा बांद्रा/गोरेगांव मार्ग की कई सेवाएं आंशिक रूप से या पूरी तरह रद्द रहेंगी। पनवेल से कुर्ला (प्लेटफॉर्म संख्या 8) के बीच विशेष लोकल ट्रेनें लगभग 20 मिनट के अंतराल पर चलाई जाएंगी ताकि यात्रियों को वैकल्पिक सुविधा मिल सके।

हार्बर लाइन के यात्रियों को ब्लॉक अवधि के दौरान सुबह 10:00 बजे से शाम 18:00 बजे तक मेन लाइन और पश्चिम रेलवे मार्ग का उपयोग करने की अनुमति दी गई है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह मेगा ब्लॉक ट्रैक रखरखाव, सिग्नलिंग सिस्टम की मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों के लिए आवश्यक है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे असुविधा के लिए सहयोग करें और अपनी यात्रा की योजना पूर्व में ही बनाएं।

डॉ. स्वप्निल नीला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सेंट्रल रेलवे