विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंट्रल रेलवे का व्यापक अभियान, 22 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का हुआ समापन

विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंट्रल रेलवे का व्यापक अभियान, 22 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का हुआ समापन

मुंबई। सेंट्रल रेलवे ने विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर 5 जून को पूरे जोन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री प्रतीक गोस्वामी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई तथा सभी से पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

इससे पूर्व सेंट्रल रेलवे की टीम ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिलाई गई पर्यावरण शपथ में भाग लिया।

सेंट्रल रेलवे द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक चलाए गए 22 दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह अभियान मुंबई, भुसावल, नागपुर, पुणे और सोलापुर सहित सभी पांच मंडलों तथा प्रमुख वर्कशॉप्स में संचालित किया गया, जिसमें हजारों रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

अभियान की प्रमुख गतिविधियां

अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, वॉकथॉन, स्वच्छता अभियान और ऊर्जा व जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। माटुंगा वर्कशॉप में लगभग 500 प्रतिभागियों की भागीदारी के साथ मेगा रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

स्टेशनों पर स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए डुअल कलर कोडेड डस्टबिन लगाए गए, जिससे गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की स्थापना कर यात्रियों को प्लास्टिक कचरा कम करने के लिए प्रेरित किया गया।

यात्रियों के बीच ?अपनी पानी की बोतल साथ लाएं? और ?प्लास्टिक को ना कहें? जैसे संदेश स्टिकर, बैनर और जागरूकता अभियानों के माध्यम से प्रसारित किए गए।

भुसावल, नागपुर, पंढरपुर, शेगांव और कलबुर्गी स्टेशनों पर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स एवं सांस्कृतिक टीमों द्वारा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन और प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर जागरूकता फैलाई गई।

मुंबई मंडल में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती से निगरानी की गई और विक्रेताओं को पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही माटुंगा वर्कशॉप, रिय रोड स्टेशन सहित कई स्थानों पर वर्मी कम्पोस्ट संयंत्रों के माध्यम से जैविक कचरे के पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया गया।

अभियान के दौरान रेलवे कॉलोनियों और वर्कशॉप्स में व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया तथा वर्षा पूर्व नालों की सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।

वृक्षारोपण एवं हरित पहल

अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। रिय रोड स्टेशन पर विशेष रूप से पौधारोपण और कम्पोस्ट प्लांट जैसी गतिविधियों के माध्यम से हरित पहल को मजबूती दी गई।

अपील

सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, पुन: उपयोग योग्य बोतलों और बैग का उपयोग करें तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से बचें। रेलवे ने कहा कि सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण ही भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

डॉ. स्वप्निल नीला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सेंट्रल रेलवे