दौलतपुर चौक में पार्सल हैंडलिंग सुविधा शुरू, रेलवे की माल परिवहन क्षमता को मिलेगा नया आयाम

दौलतपुर चौक में पार्सल हैंडलिंग सुविधा शुरू, रेलवे की माल परिवहन क्षमता को मिलेगा नया आयाम

नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने रेल उपयोगकर्ताओं को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पार्सल एवं माल यातायात के सुचारु संचालन के उद्देश्य से अंबाला मंडल के दौलतपुर चौक (DLPC) स्थित गुड्स शेड में पार्सल हैंडलिंग सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के व्यापारियों, उद्योगों और ग्राहकों को माल एवं पार्सल की आवाजाही में अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही रेल मार्ग से माल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और लॉजिस्टिक सेवाएं पहले से अधिक प्रभावी बन सकेंगी।

जारी आदेश के अनुसार दौलतपुर चौक (DLPC) स्टेशन पर सिरहिंद?दौलतपुर चौक (SIR-DLPC) खंड में फुल रेक आधार पर माल यातायात का संचालन किया जाएगा। यहां आवक एवं जावक (इनवर्ड/आउटवर्ड) दोनों प्रकार के ट्रैफिक की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य माल ढुलाई व्यवस्था को मजबूत बनाना, व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा ग्राहकों को बेहतर और त्वरित रेल लॉजिस्टिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई सुविधा से क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि रेलवे लगातार अपनी माल परिवहन एवं पार्सल सेवाओं का विस्तार कर रहा है, जिससे ग्राहकों को अधिक सुविधाजनक और किफायती परिवहन विकल्प उपलब्ध हो सकें।