40 साल पुराना अतिक्रमण हटाकर रेलवे ने वापस ली 25 करोड़ की जमीन, अकोला में चला बड़ा अभियान

40 साल पुराना अतिक्रमण हटाकर रेलवे ने वापस ली 25 करोड़ की जमीन, अकोला में चला बड़ा अभियान

अकोला। मध्य रेलवे के भुसावल मंडल ने अकोला रेलवे स्टेशन के समीप स्थित तार फाइल क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 साल पुराने अवैध कब्जों को हटाकर रेलवे की लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। यह अभियान 1 जून 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान रेलवे भूमि पर बने 164 अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमित ढांचों को हटाया गया। यह अतिक्रमण पिछले चार दशकों से अधिक समय से रेलवे की जमीन पर मौजूद थे, जिससे भविष्य की विकास योजनाएं प्रभावित हो रही थीं।

इस कार्रवाई को सफल बनाने के लिए रेलवे के अभियांत्रिकी विभाग, विधि विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पिछले तीन महीनों से लगातार तैयारी की थी। इस दौरान अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए, राज्य प्रशासन के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गईं, भूमि का सीमांकन कराया गया तथा सभी कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा किया गया।

अभियान सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पुलिस, शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की व्यापक तैनाती की गई थी। रेलवे अधिकारियों के लगातार संवाद और समझाइश के कारण सभी अतिक्रमणकारियों ने स्वेच्छा से जगह खाली कर दी, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और बल प्रयोग की आवश्यकता नहीं पड़ी।

अभियान में 7 जेसीबी मशीनों के साथ 160 रेलवे इंजीनियरिंग कर्मचारी, 50 आरपीएफ जवान, 25 जीआरपी कर्मी तथा 300 नगर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप लगभग 22,750 वर्गमीटर रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। रेलवे ने बताया कि मुक्त कराई गई जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 25 करोड़ रुपये है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में कई बार नोटिस जारी करने और प्रयास करने के बावजूद यह अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका था। इस बार अतिक्रमणकारियों की मांग पर राज्य भूमि अभिलेख विभाग से भूमि का पुनः मापन कराया गया, जिसके बाद पूरी पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की गई।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि इस लंबे समय से लंबित अतिक्रमण हटाओ अभियान की सफलता से भविष्य में रेलवे की विकास परियोजनाओं और आधारभूत संरचना विस्तार कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही इससे रेलवे की परिचालन क्षमता और जनसेवाओं में भी सुधार होगा।

रेल प्रशासन ने इस अभियान की सफलता के लिए जिला प्रशासन, अकोला पुलिस, विभिन्न सरकारी एजेंसियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है।