तुमसर रोड स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 249 मामलों से रेलवे ने एक लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया

तुमसर रोड स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 249 मामलों से रेलवे ने एक लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तुमसर रोड रेलवे स्टेशन पर विशेष नाका टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 249 मामलों का पता लगाते हुए रेलवे ने 1,00,455 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के निर्देशन में 4 जून को यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार साव ने किया।

जांच के दौरान कुल 14 ट्रेनों की सघन जांच की गई। टिकट जांच टीम ने बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट और बिना बुक सामान से संबंधित मामलों पर कार्रवाई करते हुए कुल 249 प्रकरण दर्ज किए।

अभियान में बिना टिकट यात्रा के 125 मामलों से 62,315 रुपये, अनियमित टिकट के 84 मामलों से 34,140 रुपये, बिना बुक सामान के 39 मामलों से 3,900 रुपये तथा अन्य एक मामले से 100 रुपये की वसूली की गई।

इस विशेष अभियान को सफल बनाने में 5 मुख्य टिकट निरीक्षक, 11 टिकट परीक्षक, 3 वाणिज्य निरीक्षक, 3 वाणिज्य कर्मचारी तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 2 जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलवे राजस्व की सुरक्षा और यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की आदत विकसित करना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि बिना टिकट या अनियमित यात्रा रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार नागपुर मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और नियमबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे राजस्व संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।