विश्व पर्यावरण दिवस पर नागपुर मंडल का हरित संकल्प, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

नागपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करते हुए रेलवे इंस्टिट्यूट, मोतीबाग में ?एक पेड़ माँ के नाम? अभियान के तहत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के माध्यम से हरित वातावरण के निर्माण को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी स्वेता एच.के. छोरिया के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में सहायक कार्मिक अधिकारी राजेश प्रसाद, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक नितिन गेडाम, कार्मिक विभाग के कर्मचारी ओंकार वर्मा, नवीन कश्यप, डी.जे. निनावे एवं ललित कुमार यादव सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को रोकने के लिए वृक्षारोपण और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ?एक पेड़ माँ के नाम? अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास है।

इस अवसर पर रेलवे इंस्टिट्यूट, मोतीबाग के सचिव डी.एस. मीना, बी. नागेश्वर राव, संस्थान के सदस्यगण एवं कॉलोनीवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए पौधारोपण किया। सभी ने जैव विविधता के संरक्षण, हरित वातावरण के विकास और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेते हुए जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम नागपुर मंडल की पर्यावरणीय जिम्मेदारी, सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता और हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में उसकी सक्रिय भूमिका का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।