हरचंदपुर में मुख्य सड़क पर अवैध कब्जा 5 गांवों को जोड़ने वाला रास्ता बाधित

हरचंदपुर में मुख्य सड़क पर अवैध कब्जा
15 गांवों को जोड़ने वाला रास्ता बाधित

रिपोर्ट सौरभ बाजपेयी

रायबरेली के हरचंदपुर कस्बे में एक मुख्य सड़क पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। प्रधान प्रतिनिधि हिनेन्द्र चौधरी और बीडीसी रामबालक मौर्य ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस पर कार्रवाई की मांग की है। यह सड़क लगभग 10 से 15 गांवों को जोड़ती है और इस पर हुए अतिक्रमण के कारण शासकीय कार्य में बाधा आ रही है।
शिकायत के अनुसार, हरचंदपुर के हाईवे से गांव के अंदर जाने वाली इस मुख्य सड़क का गाटा संख्या 691 है। यह रास्ता कई वर्षों से डामरीकरण के साथ बना हुआ था। हालांकि, कुछ अराजक तत्वों ने इस रास्ते पर पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया है।
यह सड़क भोला का पुरवा, हरनी, हिलालगंज, छतैया, कनखर, अज्मततुल्लागंज, शीतल पासी का पुरवा सहित लगभग 10 से 15 गांवों को जोड़ती है। इसके अलावा, बीएलपीएस स्कूल के बच्चों का भी इसी रास्ते से आना-जाना होता है, जिससे उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब जब शासकीय कार्य के तहत इस रास्ते का निर्माण किया जा रहा है, तो कब्जा करने वाले लोग बाधा डाल रहे हैं। आरोप है कि वे गाली-गलौज और फौजदारी तक पर आमादा हो रहे हैं, जिससे सरकारी काम प्रभावित हो रहा है।
गांव के छेदी लाल, राम बहादुर, शीतला प्रसाद, संदीप, अनिल, राजू मौर्य, शिव कुमार मौर्य, निखिल, अनिकेत, प्रशांत तिवारी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस रास्ते से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है ताकि सार्वजनिक आवागमन सुचारु हो सके और शासकीय कार्य पूरा हो।

जुड़ने एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

8009000147 9670650005