श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मनाया 100 दिवसीय नशा मुक्त अभियान और विश्व पर्यावरण दिवस

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मनाया 100 दिवसीय नशा मुक्त अभियान और विश्व पर्यावरण दिवस

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 100 दिवसीय "नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान" तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता, स्वास्थ्य और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रमों का उद्देश्य नशामुक्त समाज का निर्माण, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के तहत श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्या ने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ नशा विरोधी जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में श्री माता वैष्णो देवी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, डीपीएस कटड़ा के विद्यार्थी, स्वास्थ्य कर्मी, श्राइन बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया तथा स्वस्थ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अभियान ने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एसएमवीडी नारायणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (एसएमवीडीएनएसएच) के एट्रियम में जागरूकता प्रदर्शनी एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नशे की समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और समाज के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में कटड़ा स्थित स्पिरिचुअल ग्रोथ सेंटर में विशेष वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। इस दौरान गणमान्य अतिथियों ने रुद्राक्ष के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया गया।

दिनभर आयोजित कार्यक्रमों में योग सत्र, स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान और सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) जागरूकता कार्यक्रम भी शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक उपायों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार, उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक कुमार मौर्य, एसएसपी रियासी मुकुंद तिबरेवाल, सीआरपीएफ कमांडेंट प्रदीप गोस्वामी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार शर्मा, एफए/सीएओ पवन कुमार, एसएमवीडीआईएमई के कार्यकारी निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा, एसएमवीडीएनएसएच के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. एम.एम. मथावन तथा एसीएफ विनय खजूरिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

श्राइन बोर्ड द्वारा आयोजित यह अभियान नशामुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जागरूकता एवं जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।