माल लदान में जोधपुर मंडल का डंका, 40% उछाल के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे में बना नंबर-1

माल लदान में जोधपुर मंडल ने बजाया सफलता का बिगुल, 40 फीसदी वृद्धि के साथ जोन में नंबर-1

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल ढुलाई और राजस्व अर्जन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार जोधपुर मंडल ने माल लदान में 40.01 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज कर उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में पहला स्थान हासिल किया है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल ने मई 2026 तक कुल 1.42 मिलियन टन माल का लदान किया, जबकि निर्धारित लक्ष्य 1.10 मिलियन टन था। इस प्रकार मंडल ने लक्ष्य से लगभग 29 प्रतिशत अधिक उपलब्धि हासिल की। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में यह 40.01 प्रतिशत की वृद्धि है, जो मंडल की परिचालन क्षमता और बेहतर योजना का प्रमाण है।

माल लदान वृद्धि के मामले में अजमेर मंडल 27.9 प्रतिशत वृद्धि के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं बीकानेर मंडल ने 6.69 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जबकि जयपुर मंडल में 7.59 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।

राजस्व अर्जन में भी जोधपुर सबसे आगे

वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व के मामले में भी जोधपुर मंडल ने सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। मई 2026 तक मंडल ने 296.99 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष के 192 करोड़ रुपये की तुलना में 54.68 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में सर्वाधिक रही।

अजमेर मंडल ने 175.41 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करते हुए 16.86 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। वहीं बीकानेर और जयपुर मंडलों में क्रमशः 3.57 प्रतिशत और 9.39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

उत्तर पश्चिम रेलवे को 707 करोड़ रुपये की आय

उत्तर पश्चिम रेलवे ने मई 2026 तक कुल 5.39 मिलियन टन माल लदान कर 18.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। माल ढुलाई से रेलवे को 707.06 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18.95 प्रतिशत अधिक है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार सीमेंट, चूना पत्थर, खनिज और अन्य औद्योगिक वस्तुओं की बढ़ती ढुलाई ने जोधपुर मंडल को माल परिवहन और राजस्व अर्जन का सबसे मजबूत केंद्र बना दिया है। मंडल का यह प्रदर्शन उत्तर पश्चिम रेलवे की आर्थिक मजबूती और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।