निबंध से संदेश, रीसाइक्लिंग से संरक्षण: जोधपुर मंडल का पर्यावरण अभियान बना मिसाल

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत जोधपुर मंडल में निबंध प्रतियोगिता, जल संरक्षण पर विशेष जोर

जोधपुर। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में पर्यावरण संरक्षण और जल बचत को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को मंडल कार्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जल संरक्षण एवं जल पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित एसीडब्ल्यूपी (ACWP), एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि इन संयंत्रों के माध्यम से दूषित जल का उपचार कर उसका पुनः उपयोग किया जा रहा है, जिससे जल संसाधनों का संरक्षण संभव हो सके।

अभियान के अंतर्गत जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर स्थित कोचिंग डिपो सहित विभिन्न रेलवे कार्यालयों में स्थापित जल उपचार एवं पुनर्चक्रण प्रणालियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने इन व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए जल संरक्षण के प्रयासों को और मजबूत बनाने पर बल दिया।

वहीं रेलवे कॉलोनियों में कॉलोनी हेल्थ इंस्पेक्टरों द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों और उनके परिवारों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग, अनावश्यक बर्बादी रोकने तथा जल संरक्षण के सरल उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कॉलोनियों में स्थापित पानी की टंकियों की सफाई कर स्वच्छ पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

जोधपुर मंडल द्वारा आयोजित ये गतिविधियां न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ा रही हैं, बल्कि जल संसाधनों के सतत उपयोग और हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।