अम्बाला मंडल की बड़ी उपलब्धि, पहली बार निजी पार्टी के चावल का अनंतनाग के लिए हुआ रेल लदान

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल द्वारा पहली बार एक निजी व्यापारी के खाद्यान्न (चावल) का अम्बाला छावनी माल गोदाम से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लिए सफलतापूर्वक रेल लदान किया गया है। यह पहल लघु उद्योगों और छोटे व्यापारियों के उत्पादों को कम लागत पर देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

अम्बाला मंडल लगातार माल परिवहन सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और व्यापार-अनुकूल बनाने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में अप्रैल और मई माह के दौरान अम्बाला छावनी माल गोदाम से अनंतनाग के लिए जैविक खाद के छह वैगनों का सफल प्रेषण किया गया था, जिसे व्यापारिक समुदाय से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।

इस सफलता के बाद अब पहली बार एक निजी पार्टी के चावल का एक वैगन अनंतनाग के लिए रवाना किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कदम जम्मू-कश्मीर में खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों को रेलवे की माल परिवहन सेवाओं से जोड़ने में भी सहायक सिद्ध होगा।

इस लदान से अम्बाला मंडल को प्रति वैगन लगभग 73 हजार रुपये की आय प्राप्त होगी। साथ ही यह पहल सड़क परिवहन की तुलना में अधिक किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि अम्बाला मंडल व्यापार और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल लगातार नए माल यातायात स्रोत विकसित कर रहा है तथा ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के लिए कार्य कर रहा है।

रेलवे की यह पहल न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति देगी, बल्कि छोटे व्यापारियों और उद्योगों के लिए नए बाजारों तक पहुंच आसान बनाकर क्षेत्रीय आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।