एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जम्मू मंडल में हुआ व्यापक वृक्षारोपण

जम्मू। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में चल रहे विशेष अभियान की निरंतरता में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा मंगलवार को एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ मातृत्व के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत जम्मू मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेलवे कॉलोनियों में फलदार, छायादार तथा औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के तहत प्रत्येक रेलकर्मी ने अपनी माँ की स्मृति अथवा सम्मान में एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई, ताकि ये पौधे भविष्य में विकसित होकर जम्मू मंडल को और अधिक हरित एवं स्वच्छ बना सकें।

इस अवसर पर सीनियर डीईएन शुभम पवार ने भी पौधारोपण कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

रेल प्रशासन के अनुसार 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जन आंदोलन है। यह अभियान माँ के प्रति श्रद्धा और प्रकृति के संरक्षण जैसे दो महत्वपूर्ण उद्देश्यों को एक साथ आगे बढ़ा रहा है।

जम्मू मंडल ने भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण हितैषी कार्यक्रमों के माध्यम से हरित रेल, स्वच्छ भारत के संकल्प को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल