न कैश की चिंता, न कतार का झंझट; सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने यात्रियों को दी स्मार्ट सुविधा की सौगात

कटरा स्टेशन पर 24x7 ऑटोमेटिक फूड-वॉटर मशीन शुरू, ई-नीलामी से बढ़ेगा रेलवे का राजस्व

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेल परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे संचालित होने वाली ऑटोमेटिक फूड एवं वॉटर वेंडिंग मशीन (AVM) की शुरुआत की है। इसके साथ ही ई-नीलामी के माध्यम से रेलवे की विभिन्न परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग को भी नई गति दी गई है।

कटरा स्टेशन पर स्थापित जम्मू मंडल की पहली ऑटोमेटिक फूड-वॉटर वेंडिंग मशीन से अब यात्रियों को भोजन और पेयजल के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। यह मशीन 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड सहित अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से पूरी तरह कैशलेस सेवा प्रदान करेगी। इससे लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा ओवरचार्जिंग जैसी शिकायतों पर रोक लगेगी। स्वचालित व्यवस्था के कारण यात्रियों को त्वरित सेवा मिलेगी और स्टेशन परिसर में भीड़भाड़ भी कम होगी।

जम्मू मंडल ने रेल परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया को भी प्रभावी ढंग से लागू किया है। ट्रेन संख्या 12472 के एसएलआर (SLR) स्थान को लीज पर देकर उसके व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा दिया गया है, जिससे रेलवे को स्थायी राजस्व प्राप्त होगा और उपलब्ध स्थान का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित होगा।

इसके अलावा, वंदे भारत एक्सप्रेस (26401/26402) के स्लाइडर डोर पर विज्ञापन अधिकार भी प्रदान किए गए हैं। देश की अत्याधुनिक ट्रेन में विज्ञापन के लिए उपलब्ध यह नया प्लेटफॉर्म गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ ट्रेन की ब्रांड पहचान को भी और मजबूत करेगा।

पठानकोट रेलवे स्टेशन पर मोबाइल एवं मोबाइल एक्सेसरीज़ कियोस्क तथा सैलून कियोस्क को पहली बार एक साथ क्लब कर आवंटित किया गया है। वहीं, स्टेशन के रिटायरिंग रूम्स का संचालन भी पहली बार आउटसोर्स किया गया है। इस व्यवस्था से यात्रियों को एक ही स्थान पर कई सुविधाएं मिल सकेंगी, जबकि सेवा गुणवत्ता, स्वच्छता और संचालन दक्षता में भी सुधार होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि कटरा स्टेशन पर शुरू की गई ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन यात्रियों को त्वरित, स्वच्छ और नकदरहित सेवा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और यात्रियों का विश्वास मजबूत हुआ है। ई-नीलामी की पारदर्शी प्रक्रिया से रेल परिसंपत्तियों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित हो रहा है, जिससे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जम्मू मंडल का लक्ष्य माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत तकनीक आधारित और यात्री-केंद्रित नवाचारों को आगे भी जारी रखा जाएगा।