विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत डीआरएम ने किया वृक्षारोपण, दिया हरित भविष्य का संदेश

प्रयागराज। क्लाइमेट चेंज थीम पर आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस?2026 अभियान के अंतर्गत बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सिविल लाइंस स्थित रेलवे लोको कॉलोनी के 10वें मार्ग पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली का संदेश दिया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक विक्रम सिंह कोली सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक स्तर पर एक गंभीर चुनौती है और इससे निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए।

भारतीय रेल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में देशव्यापी जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ?एक पेड़ माँ के नाम? पहल के अंतर्गत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। साथ ही रेलवे स्टेशनों, पार्कों और कॉलोनियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहींवन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के माध्यम से कपड़े और जूट से बने पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण, ऊर्जा दक्षता, एलईडी प्रकाश व्यवस्था के उपयोग तथा अनावश्यक विद्युत उपकरणों के सीमित प्रयोग को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा मिशन LiFE के अंतर्गत विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) और स्थानीय निकायों के सहयोग से व्यापक जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

प्रयागराज मंडल का यह अभियान लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।