विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में हुआ वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में हुआ वृक्षारोपण

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्रयागराज मंडल में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत बुधवार को रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में महिला कल्याण समिति द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

क्लाइमेट चेंज थीम पर 15 मई से 5 जून 2026 तक संचालित विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति/प्रयागराज मंडल की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर वंदना अग्रवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। इसके दुष्प्रभावों को कम करने के लिए वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण-अनुकूल पौधे लगाए गए। साथ ही उपस्थित लोगों को पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा गुलशन वारिस, प्रज्ञा दीपक कुमार, वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह, कोषाध्यक्षा अनुश्री सहित समिति की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।