महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, प्रयागराज में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, प्रयागराज में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

प्रशिक्षण पूरा करने वालों को मिलेगा रोजगार का अवसर, स्वरोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

प्रयागराज। महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मंडल ने रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में संचालित सिलाई - द टेलरिंग सेंटर का शुभारंभ किया। सोमवार को महिला कल्याण संगठन/उत्तर मध्य रेलवे की अध्यक्षा हिमा चौहान सिंह ने केंद्र का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण आज के समय की आवश्यकता है। सिलाई एवं परिधान निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं और युवा न केवल रोजगार हासिल कर सकते हैं, बल्कि स्वरोजगार के माध्यम से भी अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकते हैं।

महिला कल्याण समिति द्वारा संचालित यह केंद्र प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई, कटिंग और आधुनिक टेलरिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा। अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में संचालित होने वाला यह केंद्र महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर देगा तथा उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगा।

कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मंडल की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल, उपाध्यक्षा प्रज्ञा दीपक कुमार,गुलशन वारिस,वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह तथा सदस्य प्रवीणा सिंह, प्रिया तिवारी, पूर्वी कन्नौजिया और महनिशा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समिति के अनुसार प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले योग्य अभ्यर्थियों को केंद्र में कार्य करने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी और स्वरोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।

सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का पता 407/ABC, ट्रैफिक रेलवे कॉलोनी, खर्बंदा मार्केट के सामने, नवाब यूसुफ रोड, प्रयागराज है। महिला कल्याण समिति ने अधिक से अधिक महिलाओं एवं युवाओं से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी