समदडी-लूनी रेलखंड पर आरयूबी निर्माण कार्य से कई ट्रेनें प्रभावित, रद्द और मार्ग परिवर्तित रहेंगी

समदडी-लूनी रेलखंड पर आरयूबी निर्माण कार्य से कई ट्रेनें प्रभावित, रद्द और मार्ग परिवर्तित रहेंगी

उत्तर पश्चिम रेलवे के समदडी-लूनी रेलखंड पर दुदिया-दुदाड़ा स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 231, 227 एवं 226 पर आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) निर्माण कार्य के चलते कई रेलसेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार कार्य के कारण कुछ ट्रेनें रद्द, आंशिक रद्द, मार्ग परिवर्तित तथा रेगुलेट रहेंगी।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर रेलसेवा 31 मई एवं 7 जून 2026 को रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 74840 बाड़मेर-भगत की कोठी रेलसेवा 1 जून एवं 8 जून 2026 को रद्द रहेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी रेलसेवा 31 मई एवं 7 जून को केवल समदड़ी तक ही संचालित होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14893 भगत की कोठी-बाड़मेर रेलसेवा इन तिथियों में भगत की कोठी के स्थान पर समदड़ी से संचालित की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि गाड़ी संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती तथा 20486 साबरमती-जैसलमेर रेलसेवाएं परिवर्तित मार्ग वाया लूनी-मारवाड़-महेसाना होकर संचालित होंगी। मार्ग परिवर्तन के कारण कई स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव नहीं रहेगा, जबकि परिवर्तित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

वहीं गाड़ी संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर रेलसेवा 30 मई को एक घंटे तथा 6 जून को दो घंटे 15 मिनट तक बीकानेर-लूनी खंड के मध्य रेगुलेट रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व में रेगुलेट एवं रिशेड्यूल की गई कुछ रेलसेवाएं 14 जून 2026 से अपने निर्धारित मार्ग एवं समयानुसार पुनः संचालित होंगी।

यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।