सीनियर डीसीएम उचित सिंघल की सख्ती, बिना टिकट यात्रियों से रेलवे की तिजोरी हुई मालामाल

जम्मू मंडल का टिकट चेकिंग अभियान सफल, मई में 12,693 मामलों से 66.50 लाख रुपये की आय

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा मई 2026 के दौरान चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान में रेलवे को उल्लेखनीय सफलता मिली है। बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के तहत मंडल ने 12,693 मामलों का पता लगाकर 66.50 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की है।

जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने पूरे माह रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों तथा प्लेटफार्मों पर सघन जांच अभियान चलाया। 31 मई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार बिना टिकट यात्रा, बिना वैध पास यात्रा, प्लेटफार्म टिकट के बिना प्लेटफार्म पर प्रवेश तथा अन्य अनियमितताओं के कुल 12,693 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों से रेलवे को कुल 66,50,165 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि बिना टिकट यात्रा रेलवे को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ वैध टिकटधारक यात्रियों के लिए भी असुविधा का कारण बनती है। इससे ट्रेनों में भीड़ बढ़ती है, सीटों पर अवैध कब्जे की समस्या उत्पन्न होती है तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी सामने आती हैं। इसी कारण मंडल द्वारा नियमित रूप से विशेष जांच दल तैनात कर अभियान चलाए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक बनाना भी है। यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र, यूटीएस ऐप, आईआरसीटीसी वेबसाइट अथवा टिकट काउंटर से वैध टिकट खरीदना चाहिए। वहीं प्लेटफार्म पर किसी को छोड़ने या लेने आने वाले लोगों को भी प्लेटफार्म टिकट अवश्य लेना चाहिए।

रेलवे प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना टिकट यात्रा करते पाए जाने पर रेलवे अधिनियम-1989 की धारा 137 और 138 के तहत जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

जम्मू मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे, ताकि रेलवे में पारदर्शिता बनी रहे, राजस्व की सुरक्षा हो और ईमानदार यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधाएं मिल सकें।