वैष्णो देवी यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर डीआईजी की पैनी नजर, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालु-अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने रविवार को कटड़ा नगर का व्यापक दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसएसपी रियासी परमवीर सिंह,�एसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों से संवाद कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और उन्हें श्रद्धालुओं के प्रति सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी न केवल सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, बल्कि श्रद्धालुओं की यात्रा को सहज और सुखद बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इन दिनों श्री माता वैष्णो देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसे देखते हुए यात्रा मार्ग और कटड़ा नगर में सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रशासन विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

दौरे के दौरान डीआईजी ने नशा मुक्ति अभियान पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को नशे जैसी गंभीर समस्या से मुक्त करने के लिए जनसहयोग बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का भी गहनता से जायजा लिया।