पारा चढ़ा तो क्या हुआ, 'जय माता दी' का जोश रहा हाई!

गर्मी पर भारी पड़ी आस्था: सुबह-शाम मां वैष्णो देवी के दरबार पहुंच रहे हजारों श्रद्धालु

कटड़ा। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बावजूद मां वैष्णो देवी के भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। धर्मनगरी कटड़ा और पवित्र यात्रा मार्ग पर इन दिनों श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी बढ़ने के कारण श्रद्धालु अब सुबह और शाम के सुहावने मौसम में यात्रा करना अधिक पसंद कर रहे हैं, जिससे यात्रा मार्ग पर दोनों समय विशेष रौनक देखने को मिल रही है।

सुबह की ठंडी हवाएं और शाम का अपेक्षाकृत आरामदायक मौसम श्रद्धालुओं को चढ़ाई में राहत प्रदान कर रहा है। श्रद्धालु जय माता दी के जयघोष के साथ पूरे उत्साह और श्रद्धा से भवन की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ाव बाणगंगा, चरणपादुका, अर्धकुंवारी और सांझीछत पर दिनभर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी आवाजाही बनी रही।

श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा सेवाओं और विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है। गर्मी के मौसम में भी यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए श्राइन बोर्ड और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सप्ताहांत पर 30 मई को करीब 40,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। वहीं, रविवार 31 मई को शाम 6 बजे तक लगभग 30 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराने के बाद आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का सकारात्मक प्रभाव स्थानीय व्यापार और होटल व्यवसाय पर भी दिखाई दे रहा है। बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही और व्यापारियों के चेहरे पर संतोष नजर आया।

गर्मी चाहे कितनी भी बढ़ जाए, मां वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास उन्हें निरंतर दरबार तक खींच ला रहा है। कटड़ा में इन दिनों आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।