दोहरीकरण कार्य के चलते झांसी मंडल में रेल संचालन प्रभावित, 10 ट्रेनें रद्द, कई के समय में बदलाव

दोहरीकरण कार्य के चलते कई ट्रेनें रद्द, कुछ का संचालन प्रभावित

झांसी। झांसी मंडल के खैरार-भीमसेन रेलखंड में खैरार, इचौली एवं अकोना स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण परियोजना के तहत नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किए जाने के कारण रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को निरस्त, आंशिक रूप से निरस्त, रेगुलेट एवं रीशेड्यूल करने का निर्णय लिया है। इससे जून माह में इस मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार 18 से 20 जून के बीच चित्रकूट धाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल, कानपुर सेंट्रल-चित्रकूट धाम कर्वी, मानिकपुर-कानपुर सेंट्रल, कानपुर सेंट्रल-मानिकपुर, खजुराहो-कानपुर सेंट्रल, कानपुर सेंट्रल-खजुराहो, प्रयागराज-ग्वालियर, ग्वालियर-प्रयागराज तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मानिकपुर और मानिकपुर-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सहित कुल 10 ट्रेनों के विभिन्न फेरों को निरस्त किया गया है।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 64613 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा तथा 64614 बांदा-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी को 18 एवं 19 जून को महोबा स्टेशन तक ही संचालित किया जाएगा। इन दोनों ट्रेनों का महोबा-बांदा खंड में संचालन नहीं होगा।

यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ ट्रेनों का रेगुलेशन भी किया गया है। ट्रेन संख्या 01027 दादर-गोरखपुर को 18 जून को कुल 240 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा, जिसमें 120 मिनट पश्चिम मध्य रेलवे एवं 120 मिनट उत्तर मध्य रेलवे क्षेत्र में शामिल हैं। वहीं ट्रेन संख्या 64602 कानपुर सेंट्रल-मानिकपुर को 11 से 17 जून तक प्रतिदिन 40 मिनट तथा ट्रेन संख्या 18203 दुर्ग-कानपुर सेंट्रल को 9, 14 और 16 जून को 20 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 64645 खजुराहो-कानपुर सेंट्रल को 11 जून से 17 जून तक खजुराहो स्टेशन से 180 मिनट विलंब से रवाना किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन, एनटीईएस अथवा रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल एप के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।