पुल की वापसी से खुश हुआ जम्मू रूट, अब सफर होगा और भी स्मूथ

कठुआ-माधोपुर रेल पुल का जीर्णोद्धार पूरा, CRS की मंजूरी के बाद जल्द दौड़ेंगी ट्रेनें

जम्मू। जम्मू-कश्मीर और पंजाब को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रेल संपर्क को बड़ी राहत मिली है। कठुआ और माधोपुर (पंजाब) के बीच स्थित रेल पुल संख्या-17 का जीर्णोद्धार कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। शुक्रवार को उत्तर रेलवे के कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) दिनेश चंद देशवाल ने पुल का विस्तृत निरीक्षण और गति परीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पुल को सुरक्षित घोषित करते हुए ट्रेन संचालन की मंजूरी प्रदान कर दी गई।

निरीक्षण के दौरान जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सीआरएस ने पुल की संरचनात्मक मजबूती, ट्रैक की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की। विभिन्न गति पर इंजन चलाकर सफल परीक्षण भी किया गया।

दरअसल, वर्ष 2025 में रावी नदी में आई भीषण बाढ़ के दौरान तेज जलप्रवाह से पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया था। इसके बाद रेलवे ने युद्धस्तर पर पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त पिलर को नई एवं मजबूत नींव के साथ पुनर्निर्मित किया। साथ ही गार्डर, डेक स्लैब और ट्रैक का भी नवीनीकरण किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि रेलवे टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अथक मेहनत कर कम समय में पुल को पुनः तैयार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सीआरएस की मंजूरी मिलने के बाद इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन जल्द ही सामान्य गति से शुरू हो जाएगा।

यह पुल पठानकोट-जम्मू-श्रीनगर रेल मार्ग का एक अहम हिस्सा है। इसके पुनः चालू होने से जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और मालगाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा और जम्मू पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी अधिक सुगम होगी। इसके अलावा आगामी अमरनाथ यात्रा और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन में भी सुविधा मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जून माह से कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।