मोदी यूनिवर्सिटी ने छात्राओं के लिए 100% तक छात्रवृत्ति, यूपीएससी फाउंडेशन कोर्स एवं वैश्विक शिक्षा अवसरों की घोषणा की

श्रीगंगानगर। मोदी यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी एवं मोदी स्कूल द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्राओं हेतु नई छात्रवृत्ति योजनाओं, प्रतियोगी परीक्षा तैयारी कार्यक्रमों तथा वैश्विक शिक्षा अवसरों की घोषणा की गई। विश्वविद्यालय के संयुक्त डीन (प्रवेश) डॉ. राहुल सिंह शेखावत एवं डॉ. रोहित सोनी ने बताया कि संस्थान छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण और आधुनिक करियर उन्मुख सुविधाएं प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित 265 एकड़ में फैले परिसर में अभियांत्रिकी, विधि, प्रबंधन, डिज़ाइन, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग, फॉरेंसिक साइंस, मनोविज्ञान, पत्रकारिता, साइबर सुरक्षा, डिजिटल मार्केटिंग तथा फार्मेसी सहित अनेक आधुनिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि 12वीं कक्षा में 97 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के आधार पर भी छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। छात्राएं सीयूईटी के माध्यम से भी विश्वविद्यालय में प्रवेश ले सकती हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्राओं हेतु संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा का फाउंडेशन कोर्स प्रारंभ किया गया है। वहीं विश्वविद्यालय परिसर स्थित मोदी स्कूल ने फिजिक्सवाला के सहयोग से आईआईटी-जेईई एवं नीट की तैयारी के लिए एकीकृत कार्यक्रम शुरू किया है। इसके अतिरिक्त कैरियर लॉन्चर द्वारा सीयूईटी, आईपीमैट एवं अन्य प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जा रही है। स्थानीय विद्यार्थियों के लिए 30 किलोमीटर के दायरे में डे-बोर्डिंग सुविधा भी उपलब्ध है।
विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट रिकॉर्ड का उल्लेख करते हुए बताया गया कि छात्राओं को अमेज़न, जेपी मॉर्गन, ओरेकल, वीज़ा, वॉलमार्ट, सैमसंग, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट तथा एचएसबीसी जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में अवसर प्राप्त हो रहे हैं। हाल ही में छात्राओं को 41 लाख रुपये वार्षिक तक का पैकेज प्राप्त हुआ है।
वैश्विक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय ने 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग स्थापित किया है, जिसके माध्यम से छात्राओं को अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, कनाडा एवं इंडोनेशिया में अध्ययन और इंटर्नशिप के अवसर मिल रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं नेतृत्वक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रेस वार्ता में मोदी स्कूल के अध्यापक सहित यूथ आइकॉन सौरभ जैन भी उपस्थित रहे।