पूरदलपुर से करियामई तक संपर्क मार्ग की खबर का हुआ असर, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य शुरू

पूरदलपुर से करियामई तक संपर्क मार्ग की खबर का हुआ असर, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य शुरू

बदायूं। जनपद बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूरदलपुर से करियामई तक बनने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत के बाद PWD विभाग हरकत में आया है। ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर उठाए गए सवालों को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अवर अभियंता ने मौके का निरीक्षण किया और संबंधित ठेकेदार को सख्त निर्देश जारी किए।

ग्रामीणों का आरोप था कि सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका थी। शिकायत मिलने के बाद अवर अभियंता ने तत्काल संज्ञान लेते हुए निर्माण स्थल का निरीक्षण किया तथा कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए।

अवर अभियंता ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की सख्ती के बाद निर्माण कार्य में सुधार देखने को मिला और अब सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की सक्रियता के चलते सड़क निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हुई है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता के कारण सड़क निर्माण कार्य सही तरीके से हो रहा है।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि सड़क के निर्माण से पूरदलपुर, करियामई तथा आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।