फोन कर बुलाया, युवक का अपहरण; तीन घंटे में खुटार से सकुशल बरामद युवक को थार में अगवा कर ले गए आरोपी, पुलिस ने खुटार से दो को दबोचा।।

फोन कर बुलाया, युवक का अपहरण; तीन घंटे में खुटार से सकुशल बरामद युवक को थार में अगवा कर ले गए आरोपी, पुलिस ने खुटार से दो को दबोचा।।


पीलीभीत/घुंघचाई। थाना घुंघचाई क्षेत्र से सोमवार दोपहर एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र तीन घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रयुक्त थार गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई।
जानकारी के अनुसार ददौल कॉलोनी निवासी रंजीत कौर पत्नी रक्षपाल सिंह ने थाना घुंघचाई में सूचना दी कि उनके बेटे निरवैश सिंह को कुछ लोगों ने फोन कर दिलावरपुर भट्टे के पास यह कहकर बुलाया कि उसके इंजन का सामान आया है। इस पर निरवैश सिंह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे।
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद 3-4 लोग काले रंग की महिंद्रा थार से उतरे और निरवैश सिंह के साथ मारपीट कर जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को सक्रिय किया।
सर्विलांस की मदद से युवक की लोकेशन थाना खुटार क्षेत्र के मलिका गांव के पास मिली। इसके बाद घुंघचाई पुलिस ने छापेमारी कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही दो आरोपियों अमरजीत सिंह निवासी खजुरिया थाना खुटार और गौरा गिल निवासी मलिका थाना खुटार को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पक्ष की एक महिला ने हाल ही में खुटार में बुटीक सेंटर खोला था। उसका प्रचार सोशल मीडिया और बैनरों के माध्यम से किया गया था। वहीं से युवक को मोबाइल नंबर मिला और वह लगातार महिला को फोन कर परेशान कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को उठाया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।