बिलासपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक के. श्रीनिवास, अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीना सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में रेलवे बोर्ड की मानक कार्यसूची के अनुसार पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनवरी से मार्च 2026 तक की तिमाही में हुई राजभाषा प्रगति की मदवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों में हिंदी के प्रयोग और राजभाषा संबंधी गतिविधियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।

अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी के. श्रीनिवास ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान तिमाही के आंकड़े पिछली तिमाही की तुलना में संतोषजनक रहे हैं। उन्होंने महाप्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने शाखाधिकारियों से नियमित बैठकें आयोजित कर अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच राजभाषा प्रगति की समीक्षा करने का आग्रह किया।

समिति के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने अधिकारियों से स्वयं अधिक से अधिक हिंदी में कार्य करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को भी राजभाषा हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन से जुड़ी गतिविधियां निरंतर चलती रहनी चाहिए, जिससे कर्मचारियों के बीच हिंदी में कार्य करने का उत्साह बना रहे।

बैठक का संचालन प्रभारी राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी रंजन कुमार रूखैयार ने किया।