दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय बिलासपुर में हिंदी कार्यशाला आयोजित

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जोनल राजभाषा विभाग द्वारा मंगलवार को मुख्यालय बिलासपुर में एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना तथा राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जोनल सभाकक्ष में किया गया, जिसमें जोनल रेलवे बिलासपुर एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यशाला का आयोजन मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान वित्त सलाहकार जावेद मज़हर के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय सहित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति से जुड़े 28 कार्यालयों के राजभाषा नोडल कर्मचारियों तथा अनुसचिवीय एवं प्रशासनिक कार्य से जुड़े कार्मिकों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य वक्ता एवं मुख्यालय राजभाषा अधिकारी पीताम्बर लाल जाटवर ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रत्येक कार्मिक के लिए दो वर्ष में कम से कम एक बार हिंदी कार्यशाला में भाग लेने की अनिवार्यता पर जोर दिया। साथ ही गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम, राजभाषा नीति, नियमों, प्रोत्साहन योजनाओं तथा संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यशाला के दौरान राजभाषा नीति के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी सारगर्भित विचार-विमर्श हुआ तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए गए। इस अवसर पर जोनल रेलवे सहित विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों के कुल 59 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।कार्यक्रम का संचालन पुषोत्तम कुमार गवेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुख्यालय राजभाषा अधिकारी पीताम्बर लाल जाटवर ने प्रस्तुत किया।