सियालदह मंडल में आयोजित हुई 140वीं DRUCC बैठक, यात्री सुविधाओं और विकास परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

कोलकाता। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में शुक्रवार को 140वीं डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (DRUCC) की बैठक आयोजित की गई। सियालदह स्थित रवीन्द्र सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने की। बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार महाला ने किया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न अधिकारियों एवं DRUCC सदस्यों ने भाग लिया।बैठक में सदस्यों ने RailOne वन स्टॉप सॉल्यूशन ऐप की सराहना करते हुए इसे व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का सुझाव दिया। साथ ही रेलवे की राजस्व हानि रोकने के लिए मंडल में टिकट जांच अभियान को और अधिक सघन बनाने पर जोर दिया गया।पश्चिम बंगाल सरकार के राज्य परिवहन विभाग के एक प्रतिनिधि एवं DRUCC सदस्य ने यात्रियों के हित में रेलवे को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।बैठक के दौरान सियालदह मंडल की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना एवं अन्य अधिकारियों ने सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा यात्रियों के कल्याण के लिए किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की जानकारी दी।बैठक में कई महत्वपूर्ण पहलों पर भी चर्चा हुई। इनमें मंडल में 40 नई उपनगरीय ट्रेन सेवाओं की शुरुआत, सियालदह-कृष्णनगर एवं सियालदह-बनगांव खंड में 5 नई एसी लोकल सेवाएं शुरू करना तथा पिछले एक वर्ष में जलपाईगुड़ी रोड हमसफर एक्सप्रेस, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस एवं सियालदह-वाराणसी अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी 3 नई मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन शामिल रहा। इसके अलावा 11 उपनगरीय ट्रेन सेवाओं का विस्तार भी किया गया।बैठक में कल्याणी घोषपाड़ा स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकास कार्य पूर्ण होने, कल्याणी स्टेशन पर आधुनिक एकीकृत शौचालय परिसर निर्माण तथा सियालदह उत्तर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ?प्रफुल्ल द्वार? के उद्घाटन की जानकारी भी साझा की गई।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025-26 में कुल 56 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनकी अनुमानित लागत 571.85 करोड़ रुपये है। इनमें 40 नए फुट ओवर ब्रिज, 20 नए बुकिंग कार्यालय, प्लेटफॉर्म ऊंचाईकरण, प्लेटफॉर्म विस्तार, प्लेटफॉर्म शेड, प्रतीक्षालयों में सुधार, स्वच्छता सुविधाएं, पेयजल व्यवस्था, बेहतर संकेतक एवं विभिन्न स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कार्य शामिल हैं।बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने यात्रियों को आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए मंडल की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि DRUCC सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों एवं उठाए गए मुद्दों पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा व्यवहारिक पाए जाने पर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।