विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत जोधपुर मंडल में जागरूकता कार्यक्रम और वृक्षारोपण

जोधपुर। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 अभियान के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में जोधपुर, मेड़ता रोड, डेमो शेड एवं बालोतरा स्टेशनों पर प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।आयोजित प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों एवं उनके बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और आमजन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। बच्चों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर आकर्षक और प्रेरणादायक चित्र प्रस्तुत किए।इसके साथ ही मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पार्कों एवं सर्कुलेटिंग एरिया में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रेलवे कॉलोनियों में स्थित पार्कों में हेल्थ अवेयरनेस कैंप आयोजित कर लोगों को स्वच्छता, हरित वातावरण और ग्रीन एरिया के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विभिन्न स्टेशनों पर वृक्षारोपण भी किया गया। रेलवे प्रशासन ने कर्मचारियों को इको फ्रेंडली उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया तथा एक स्टेशन एक उत्पाद योजना के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।