प्रयागराज मंडल का सघन चेकिंग अभियान सफल, एक दिन में रिकॉर्ड ₹51.50 लाख जुर्माना वसूला

प्रयागराज। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा चलाया गया विशेष टिकट चेकिंग अभियान बेहद सफल रहा। मंडल ने एक ही दिन में रिकॉर्ड ₹51.50 लाख का जुर्माना वसूल कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के निर्देशन में 25 मई 2026 को मंडल के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में व्यापक स्तर पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष अभियान में स्क्वाड स्टाफ ने ₹22.14 लाख, अमेनिटी स्टाफ ने ₹21.71 लाख तथा स्टेशनरी स्टाफ ने ₹7.60 लाख की आय अर्जित की। मंडल द्वारा टिकट जांच व्यवस्था को लगातार मजबूत करने, अधिकतम कोच मैनिंग सुनिश्चित करने तथा नियमित अभियान चलाने का ही परिणाम है कि यह रिकॉर्ड उपलब्धि हासिल हुई।अभियान के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ की कार्यकुशलता और सतर्कता भी देखने को मिली। श्री छूटेश कुमार मीणा ने व्यक्तिगत स्तर पर सर्वाधिक आय अर्जित करते हुए 103 मामलों में ₹66,900 की वसूली कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रेलवे प्रशासन ने उनके कार्य को समर्पण और जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया।प्रयागराज मंडल लगातार यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक कर रहा है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभियान न केवल राजस्व बढ़ाने में मदद करते हैं, बल्कि यात्रियों में अनुशासित यात्रा संस्कृति को भी बढ़ावा देते हैं।उल्लेखनीय है कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गत माह सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले 5 स्क्वाड स्टाफ और 5 अमेनिटी स्टाफ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया था।जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान चलाकर यात्रियों को बेहतर सुविधा और पारदर्शी यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।