ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए मध्य रेल की बड़ी सौगात, मुंबई से मडगांव और सोलापुर के लिए चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें

मुंबई। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए मुंबई से मडगांव एवं सोलापुर के लिए अतिरिक्त ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में सुविधा होगी और यात्रा अधिक सुगम बन सकेगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), मुंबई से मडगांव के लिए 2 विशेष सेवाएं तथा सोलापुर के लिए 1 एकतरफा विशेष रेलगाड़ी चलाई जाएगी।

सीएसएमटी मडगांव विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 01173 विशेष दिनांक 30 मई 2026 को रात्रि 00.25 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर उसी दिन दोपहर 3.15 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01174 विशेष 30 मई को शाम 4.00 बजे मडगांव से प्रस्थान कर अगले दिन प्रातः 3.45 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।

यह ट्रेन दादर, ठाणे, पनवेल, रोहा, चिपलून, रत्नागिरी, कणकवली, सावंतवाड़ी रोड, थिवीम एवं करमाली सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

सीएसएमटी सोलापुर एकतरफा विशेष

गाड़ी संख्या 01175 एकतरफा विशेष 31 मई 2026 को दोपहर 2.30 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर रात 11.45 बजे सोलापुर पहुंचेगी। यह ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, लोणावला, पुणे, दौंड एवं कुर्डुवाडी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा

इन विशेष ट्रेनों में 16 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 2 द्वितीय बैठक सह गार्ड ब्रेक वैन लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने बताया कि कुछ शयनयान डिब्बों को अनारक्षित सामान्य श्रेणी के रूप में भी संचालित किया जाएगा, जिससे सामान्य यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।

विशेष गाड़ी संख्या 01173 एवं 01175 के लिए आरक्षण 29 मई 2026 से सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होगा। वहीं अनारक्षित टिकट यूटीएस प्रणाली एवं RailOne ऐप के माध्यम से प्राप्त किए जा सकेंगे।

मध्य रेल की यह पहल गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।