मुंबई के डॉ. बी.ए.एम. अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती, नई SICU और आधुनिक उपकरणों का उद्घाटन

मुंबई के डॉ. बी.ए.एम. अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती, नई SICU और आधुनिक उपकरणों का उद्घाटन

मुंबई। मध्य रेल के भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मेमोरियल (बी.ए.एम.) अस्पताल, भायखला में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक (DGRHS) डॉ. जगदीश चंद्र ने अस्पताल में नवस्थापित 18-बेड वाली सर्जिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (SICU) तथा कई उन्नत चिकित्सा उपकरणों का उद्घाटन किया।

अस्पताल को 54 लाख रुपये की अत्याधुनिक ड्रेगर एनेस्थीसिया मशीन, 54 लाख रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीन और 1.3 करोड़ रुपये की हाई-एंड एडवांस्ड ऑर्थोपेडिक टेबल जैसी आधुनिक सुविधाएं मिली हैं। इन उपकरणों से गंभीर सर्जिकल मरीजों के उपचार और निगरानी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

दौरे के दौरान डॉ. जगदीश चंद्र ने रेडियोलॉजी एवं सीटी स्कैन केंद्र, फिजियोथेरेपी विभाग, कैजुअल्टी, आईसीयू और डायलिसिस केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की उपलब्धियों और सेवाओं को दर्शाने वाली ई-पत्रिका का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम में मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. ममता शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सा विशेषज्ञ उपस्थित रहे। डॉ. जगदीश चंद्र ने अस्पताल के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की।

महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने रोगी फीडबैक प्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा शिकायतों एवं सुझावों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अस्पताल की सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे रेलवे समुदाय के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मध्य रेल के अनुसार, यह पहल आधुनिक, सुलभ और प्रौद्योगिकी आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।