सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने दिखाई संवेदनशीलता, ट्रेन कैंसिल की जगह डायवर्ट

रेल यात्रियों को बड़ी राहत: नई दिल्ली श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्पेशल ट्रेन अब रद्द नहीं, बदले मार्ग से चलेगी

जम्मू मंडल का बड़ा फैसला, श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को मिली प्राथमिकता

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल यात्रियों, विशेषकर श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पहले जिन तिथियों में ट्रेन संख्या 04081/04082 नई दिल्ली श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्पेशल ट्रेन को पूर्ण रूप से रद्द किया गया था, अब उसे निरस्त करने के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है।

जम्मू मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ट्रेन को पूरी तरह रद्द करने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों को असुविधा होती, इसलिए वैकल्पिक मार्ग से संचालन का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यात्रियों से संशोधित मार्ग और समय-सारणी को ध्यान में रखकर यात्रा योजना बनाने की अपील भी की।

ट्रेन संख्या 04081 (नई दिल्ली श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा)

यह व्यवस्था 29 मई, 1 जून और 3 जून 2026 को नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन पर लागू होगी। यह ट्रेन अपने नियमित मार्ग के बजाय अब नई दिल्ली गाजियाबाद सहारनपुर अंबाला कैंट होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 04082 (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा नई दिल्ली)

यह व्यवस्था 30 मई, 2 जून और 4 जून 2026 को कटड़ा से चलने वाली ट्रेन पर लागू रहेगी। वापसी में यह ट्रेन अंबाला कैंट सहारनपुर गाजियाबाद नई दिल्ली मार्ग से संचालित होगी।

रेलवे प्रशासन ने जानकारी दी है कि मार्ग परिवर्तन के कारण दोनों ट्रेनों का पानीपत और कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों से वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की अपील की गई है।

रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को स्टेशनों की उद्घोषणा प्रणाली, पूछताछ केंद्रों और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से लगातार जानकारी दी जा रही है। यात्री अपनी ट्रेन की लाइव स्थिति और अन्य जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस (NTES) प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकते हैं।

जम्मू मंडल का यह निर्णय यात्रियों की सुविधा और बेहतर सेवा के प्रति रेलवे की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।