रेलगाँव कॉलोनी में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को रेलगाँव कॉलोनी में विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान 15 मई से 5 जून 2026 तक क्लाइमेट चेंज (जलवायु परिवर्तन) थीम पर संचालित किया जा रहा है।कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी सहित विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रमदान के दौरान रेलगाँव कॉलोनी परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया तथा कचरा, प्लास्टिक और सूखी पत्तियों को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया गया।इस अवसर पर महाप्रबंधक ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए एकल-उपयोग प्लास्टिक के बहिष्कार, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। वहीं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।अभियान के अंतर्गत पर्यावरण विषयक प्रतियोगिताएं, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं कपड़े के थैलों के वितरण जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन मुख्य पर्यावरण एवं गृहव्यवस्था प्रबंधक मनीष कुमार के नेतृत्व में पर्यवेक्षकों की टीम द्वारा किया गया।