बालेश्वर और जौनपुर में यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग बदले, कुछ ट्रेनें रीशेड्यूल

प्रयागराज। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं रेल संरचना को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न मंडलों में यार्ड रीमॉडलिंग कार्य तेज गति से किया जा रहा है। इसी क्रम में खड़गपुर डिवीजन के बालेश्वर रेलवे स्टेशन तथा उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत जौनपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन एवं रीशेड्यूलिंग का निर्णय लिया गया है।

रेल प्रशासन के अनुसार आनंद विहार टर्मिनल-पुरी, नई दिल्ली-भुवनेश्वर तथा भुवनेश्वर-नई दिल्ली सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों को चांडिल-कान्द्रा-सिनी-राजखरसावां-नयागढ़-जाखापुरा मार्ग से संचालित किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो, भोजूडीह, रुकनी एवं पुरुलिया होकर किया जाएगा।इसके अतिरिक्त कई ट्रेनों को 60 से 90 मिनट तक रीशेड्यूल भी किया गया है। इनमें गाड़ी संख्या 22823 भुवनेश्वर-नई दिल्ली, 22824 नई दिल्ली-भुवनेश्वर, 22811 भुवनेश्वर-नई दिल्ली तथा 12815 पुरी-आनंद विहार टर्मिनल प्रमुख रूप से शामिल हैं।वहीं लखनऊ मंडल में जौनपुर स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते पुणे-गाजीपुर सिटी, गाजीपुर सिटी-पुणे, जबलपुर-अयोध्या एवं अयोध्या-जबलपुर ट्रेनों का अतिरिक्त मार्ग परिवर्तन किया गया है। इन ट्रेनों का संचालन वाराणसी सिटी एवं सुल्तानपुर होकर किया जाएगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों का जौनपुर स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा, जबकि परिवर्तित मार्ग पर जौनपुर सिटी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन अथवा एनटीईएस के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।