महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रयागराज मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा की

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में प्रयागराज मंडल के संकल्प सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानपुर में प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (एन.आई.) कार्य, चुनार-चोपन सेक्शन में डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी तथा इरादतगंज एवं लिंक जंक्शन के मध्य कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत बनाने से जुड़े विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने महाप्रबंधक सहित मुख्यालय से आए सभी विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान कानपुर में प्रस्तावित एन.आई. कार्यों को लेकर पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि प्री-एन.आई. कार्य 11 जून से 20 जून 2026 तक तथा मुख्य एन.आई. कार्य 21 जून 2026 को प्रस्तावित है। विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों, संसाधनों की उपलब्धता और समयबद्ध कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में चुनार-चोपन सेक्शन में चुनार यार्ड से डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही इरादतगंज एवं लिंक जंक्शन के मध्य तीसरी लाइन निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श हुआ।महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने निर्देश दिए कि एन.आई. कार्य के दौरान निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने, अतिरिक्त मैनपावर उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्य योजना को सुपरवाइजर स्तर तक स्पष्ट रूप से साझा किया जाए, ताकि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय में कार्य पूर्ण कर सकें। संरक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में अपर महाप्रबंधक यतीन्द्र कुमार, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सतेन्द्र कुमार सहित प्रयागराज मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।यह जानकारी अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल द्वारा दी गई।