जम्मू मंडल की बड़ी पहल: अब ट्रेन पर सफर करेंगे ट्रक, आरओ-आरओ सेवा शुरू करने की तैयारी तेज

जम्मू मंडल की बड़ी पहल: अब ट्रेन पर सफर करेंगे ट्रक, आरओ-आरओ सेवा शुरू करने की तैयारी तेज

विवेक कुमार की अध्यक्षता में जम्मू रेल मंडल ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण हितधारक बैठक आयोजित कर जम्मू से रोल-ऑन/रोल-ऑफ (RO-RO) यानी ट्रक-ऑन-ट्रेन सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर मंथन किया। बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में जम्मू-कश्मीर ट्रक एसोसिएशन, इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स, किसान उत्पादक संगठनों तथा लॉजिस्टिक्स और व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया। मंडल प्रशासन ने जानकारी दी कि भविष्य में इस सेवा का विस्तार श्रीनगर तक करने की भी योजना है।प्रस्तावित आरओ-आरओ सेवा के तहत लदे हुए ट्रकों को विशेष रूप से डिजाइन किए गए रेलवे वैगनों पर लंबी दूरी तक ले जाया जाएगा। इससे सड़क और रेल नेटवर्क के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा मल्टीमॉडल परिवहन को नई मजबूती मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल माल परिवहन को अधिक तेज, सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाएगी।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस सेवा से ट्रक ऑपरेटरों की ईंधन खपत, टोल टैक्स और वाहन रखरखाव पर होने वाला खर्च काफी कम हो सकता है। साथ ही राजमार्गों पर भारी वाहनों का दबाव घटने से सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आने की उम्मीद है।जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्र के लिए यह सेवा विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है, जहां खराब मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण सड़क संपर्क अक्सर प्रभावित होता है। ऐसे समय में आरओ-आरओ सेवा माल आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकती है।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि परिचालन मॉडल के अनुसार ट्रक निर्धारित रेलवे टर्मिनलों पर पहुंचेंगे, जहां लोडिंग रैंप के माध्यम से उन्हें रेलवे वैगनों पर चढ़ाया जाएगा। इसके बाद ट्रकों को सुरक्षित तरीके से बांधकर ट्रेन द्वारा गंतव्य टर्मिनल तक पहुंचाया जाएगा, जहां उन्हें उतारा जाएगा।बैठक में मौजूद हितधारकों ने इस महत्वाकांक्षी पहल का स्वागत करते हुए बुनियादी ढांचे, परिचालन आवश्यकताओं और संभावित माल मांग से जुड़े विभिन्न सुझाव भी साझा किए।रेलवे की यह पहल देशभर में पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक माल परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देने के भारतीय रेल के विजन के अनुरूप मानी जा रही है।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल