सुहावने मौसम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 29 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी भवन के लिए रवाना

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में रविवार को मौसम बेहद सुहावना बना रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम के बदले मिजाज ने मां वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत पहुंचाई। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के मुकाबले रविवार का मौसम यात्रा के लिए काफी अनुकूल रहा।सप्ताहांत होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा पहुंचे और जय माता दी के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे। पूरे यात्रा मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के पंजीकरण केंद्रों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। शाम 5 बजे तक करीब 29 हजार श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर मां वैष्णो देवी भवन के लिए रवाना हो चुके थे। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे।श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान पेयजल, चिकित्सा, सफाई, बैटरी कार तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध करवाई जाती रहीं। यात्रा मार्ग पर तैनात प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।मौसम सुहावना होने से श्रद्धालुओं ने यात्रा का भरपूर आनंद लिया और मां वैष्णो देवी के जयकारों से पूरा यात्रा मार्ग गूंजता रहा। प्रशासन को आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।