मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिन में 93 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिन में 93 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की अपार आस्था देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी के बावजूद देशभर से भक्त बड़ी संख्या में मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। पिछले दो दिनों में 93 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भवन पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए, जिससे पूरा यात्रा मार्ग भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।24 मई को करीब 45,500 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया, जबकि 23 मई को लगभग 48 हजार भक्तों ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से कटड़ा नगर, यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र में विशेष रौनक दिखाई दे रही है। बाजारों में चहल-पहल बढ़ी हुई है और पूरा वातावरण ?जय माता दी? के जयकारों से गूंज रहा है।कटड़ा स्थित पंजीकरण केंद्रों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भवन पर दर्शन के लिए भी भक्तों को इंतजार करना पड़ा, लेकिन आस्था और उत्साह में कहीं कोई कमी नजर नहीं आई। श्रद्धालु भक्ति और विश्वास के साथ मां के दरबार की ओर बढ़ते रहे।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन, पुलिस विभाग और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड पूरी तरह सतर्क है। यात्रा मार्ग, भवन और विभिन्न जांच केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है तथा हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।रविवार को मौसम ने भी कई रंग दिखाए। सुबह तेज धूप के बाद बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही।गर्मियों की छुट्टियों और आगामी अमरनाथ यात्रा को देखते हुए आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा यातायात, सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि हर श्रद्धालु को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।