अजमेर में रोजगार का उत्सव: 258 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी डिजिटल माध्यम से जुड़े

अजमेर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय अजमेर के समीप स्थित एसटीआई ऑडिटोरियम में शनिवार को 19वें रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा अजमेर दक्षिण की विधायक अनिता भदेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री Narendra Modi सुबह 11 बजे डिजिटल माध्यम से रोजगार मेले से जुड़े और देशभर में आयोजित रोजगार मेले का रिमोट के जरिए शुभारंभ किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।अजमेर में आयोजित इस रोजगार मेले के तहत विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 258 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें 240 पुरुष एवं 18 महिला अभ्यर्थी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान 92 अभ्यर्थियों को मंच पर व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जबकि 166 चयनित उम्मीदवारों को ई-मेल के माध्यम से डिजिटल नियुक्ति पत्र भेजे गए।मुख्य अतिथि भागीरथ चौधरी ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।रोजगार मेले में नवनियुक्त युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर इस यादगार पल को संजोया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पूरे आयोजन का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा के निर्देशन में विभिन्न विभागों के समन्वय से किया गया।