अजमेर स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यशाला, प्लास्टिक कम करने का लिया संकल्प

अजमेर। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत अजमेर रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला स्टेशन प्रबंधक रवीश कुमार के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष चर्चा की गई।

कार्यशाला में प्लास्टिक उत्पादों के पुनः उपयोग, उपयोग में कमी तथा पुनर्चक्रण पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्यिक), वरिष्ठ अनुभाग अभियंता दूरसंचार तथा मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक द्वारा कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए और प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया।

स्टेशन प्रबंधक रवीश कुमार ने सभी कर्मचारियों को प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने और इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल वैकल्पिक सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर प्रयास करे तो पर्यावरण को बचाने में बड़ी सफलता मिल सकती है।

कार्यशाला के अंत में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।

रेलवे द्वारा आयोजित यह कार्यशाला स्वच्छता और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।