फिरोजपुर मंडल में 45 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को ₹17.96 करोड़ से अधिक का समापन भुगतान प्रदान

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में अप्रैल 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए कुल 45 रेलकर्मियों को ₹17.96 करोड़ से अधिक का समापन देय भुगतान प्रदान किया गया। यह भुगतान मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार द्वारा18 मई को आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।रेल प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्ति के उपरांत कुल छह प्रकार के भुगतान किए जाते हैं, जिनमें पीपीओ, ग्रेचुएटी, कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, जीआईएस तथा पीएफ शामिल हैं।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को संबोधित करते हुए उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेलकर्मियों ने अपने कार्यकाल में रेलवे को मजबूती प्रदान की है और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।मंडल रेल प्रबंधक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने समापन भुगतान का उपयोग सोच-समझकर करें तथा अपनी रुचि के अनुसार स्वयं को व्यस्त रखें, जिससे वे स्वस्थ और सक्रिय बने रहें।कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ सेवानिवृत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज साझा न करें और किसी भी प्रकार की सहायता या मार्गदर्शन के लिए कार्मिक शाखा हमेशा उपलब्ध है।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय सुमित खुल्लर, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राहुल देव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।