फिरोजपुर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत स्टेशनों पर चला जागरूकता कार्यक्रम

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत 15 मई से 5 जून तक प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।अभियान के तहत 18 मई को फिरोजपुर कैंट, जलंधर सिटी, जलंधर कैंट, अमृतसर, लुधियाना, फगवाड़ा, ब्यास सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्टेशनों पर बैनर, पंपलेट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।रेल कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को पंपलेट वितरित किए गए और यात्रा के दौरान अपनी पानी की बोतल साथ रखने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों को बताया गया कि व्यक्तिगत पानी की बोतल रखने से स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध रहता है, साथ ही बार-बार प्लास्टिक बोतल खरीदने की जरूरत कम होती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की गई।रेल प्रशासन ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के दौरान मंडल में लगातार विभिन्न जागरूकता एवं पर्यावरण हितैषी गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा सके।