229 युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान, जम्मू रोजगार मेले में गूंजा आत्मनिर्भर भारत का संकल्प

जम्मू। युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में जम्मू के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य ?रोजगार मेले? ने उम्मीदों और खुशियों का नया अध्याय लिख दिया। भारत सरकार के देशव्यापी रोजगार सृजन अभियान के तहत आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में 229 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिससे पूरा सभागार तालियों और उत्साह से गूंज उठा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विवेक कुमार रहे, जबकि संजय त्यागी की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।समारोह का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायी वर्चुअल संबोधन से हुआ। प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय विकसित भारत के निर्माण में युवाशक्ति की भागीदारी को नई दिशा देने का है। उन्होंने सरकारी सेवाओं में बढ़ी पारदर्शिता को नए भारत की मजबूत नींव बताया और सभी नवनियुक्त युवाओं से राष्ट्र निर्माण में समर्पित भाव से योगदान देने का आह्वान किया।प्रधानमंत्री द्वारा देशभर में डिजिटल माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही जम्मू कन्वेंशन सेंटर में भी 229 चयनित युवाओं को मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे गए। जैसे ही युवाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र पहुंचे, सभागार भावुक मुस्कानों और तालियों की गूंज से भर उठा।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवा प्रतिभा और ऊर्जा से भरपूर हैं तथा रोजगार मेले जैसे आयोजन उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने और जनकल्याणकारी पहलों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।इस रोजगार मेले में बैंकिंग, सशस्त्र बल, चिकित्सा, रेलवे और जम्मू-कश्मीर प्रशासन सहित विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कई परिवारों के लिए यह पल भावुक और गर्व से भरा रहा। एक नवनियुक्त अभ्यर्थी ने कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि उसके परिवार के सम्मान और भविष्य की नई शुरुआत है।रोजगार मेले ने न केवल 229 युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी, बल्कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।