प्रयागराज जंक्शन पर चला सघन टिकट चेकिंग अभियान, रेलवे ने यात्रियों को दिया अनुशासन और स्वच्छता का संदेश

प्रयागराज। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयागराज मंडल लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में प्रयागराज जंक्शन पर बुधवार को विशेष मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 321 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं में प्रभारित करते हुए 2,01,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में आयोजित इस अभियान की निगरानी सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री पंकज कुमार त्रिपाठी ने की। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में व्यापक जांच के दौरान टिकट जांच स्टाफ ने बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों, धूम्रपान करने वालों तथा बिना बुक कराए सामान ले जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।विशेष अभियान में 17 टिकट जांच स्टाफ, 09 रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कर्मी तथा 09 राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) कर्मियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। टीम की सतर्कता और सक्रियता के चलते स्टेशन परिसर में अनुशासन और स्वच्छता का सकारात्मक संदेश भी देखने को मिला।अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 170 यात्रियों से 1,37,000 रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले 148 यात्रियों से 64,050 रुपये तथा धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने वाले 03 यात्रियों से 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें, रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें तथा यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें। प्रयागराज मंडल ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य केवल राजस्व वृद्धि नहीं, बल्कि यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बेहतर यात्रा संस्कृति को बढ़ावा देना भी है।