मध्य रेल की हार्बर लाइन एसी लोकल सेवाओं में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि, 64.97% की बढ़ोतरी दर्ज

मुंबई। मध्य रेल की हार्बर लाइन पर संचालित एसी उपनगरीय लोकल सेवाओं में यात्रियों की संख्या और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह वृद्धि यात्रियों के बीच आरामदायक, तेज और प्रीमियम यात्रा विकल्पों की बढ़ती प्राथमिकता को दर्शाती है।

मध्य रेल द्वारा एसी लोकल सेवाओं की शुरुआत 26 जनवरी 2026 को की गई थी, जिसके बाद से ही यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए 1 मई 2026 से हार्बर लाइन पर 14 अतिरिक्त एसी सेवाएं शुरू की गईं। इसके साथ ही मध्य रेल की कुल एसी उपनगरीय सेवाएं बढ़कर 108 हो गई हैं, जिनमें 80 सेवाएं मेन लाइन और 28 सेवाएं हार्बर लाइन पर संचालित हो रही हैं।

1 मई से 15 मई 2026 के बीच के आंकड़ों की तुलना 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 की अवधि से करने पर यात्रियों की संख्या में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई है। इस दौरान हार्बर लाइन एसी लोकल सेवाओं में यात्रियों की संख्या 2.34 लाख से बढ़कर 3.86 लाख हो गई, जो 64.97 प्रतिशत की वृद्धि है।

इसी प्रकार राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एसी उपनगरीय सेवाओं से प्राप्त आय 1.18 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.96 करोड़ रुपये हो गई, जो 66.43 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।

मध्य रेल, मुंबई मंडल द्वारा एसी लोकल ट्रेनों और स्टेशनों पर नियमित रूप से विशेष टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अनियमित यात्रा पर रोक लगाई जा सके और वैध यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा प्रदान की जा सके।

रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की यह सकारात्मक प्रतिक्रिया दर्शाती है कि एसी लोकल सेवाएं मुंबई के उपनगरीय यात्रियों के लिए एक बेहतर, आरामदायक और प्रीमियम यात्रा विकल्प के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं।

यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल डॉ. स्वप्नील निला द्वारा दी गई।