कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगा सीधा प्रहार- हवा सिंह

राजस्थान पुलिस मुख्यालय जयपुर से श्रीगंगानगर पहुंचे अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस डॉ. हवा सिंह घुमरिया ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सीधा प्रहार किया जाएगा। वह श्रीगंगानगर रिजर्व पुलिस लाइन में वार्षिक निरीक्षण के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता....

एडीजी डॉ. घुमरिया ने कहा कि आमजन की सुरक्षा राजस्थान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध पर तेजी से अंकुश लगाया जाए और नशा तस्करी, गैंग गतिविधियों तथा साइबर अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

सीमावर्ती जिले में सुरक्षा संवेदनशील....

सीमावर्ती जिला होने के कारण श्रीगंगानगर की सुरक्षा व्यवस्था बेहद संवेदनशील है। इसको देखते हुए पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। एडीजी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और इंटेलिजेंस नेटवर्क का प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा।

पुलिस और जनता के बीच विश्वास जरूरी....

डॉ. घुमरिया ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इसी दिशा में राजस्थान पुलिस लगातार काम कर रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आमजन के साथ बेहतर व्यवहार और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही।

प्रेस वार्ता से पहले एडीजी ने श्रीगंगानगर जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण और पुलिस संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।