जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत अब 20 कोच के साथ दौड़ेगी, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सीटों की सुविधा

जोधपुर। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती सुविधा और मांग को ध्यान में रखते हुए जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव किया है। अब यह वंदे भारत ट्रेन पहले की तुलना में अधिक कोच के साथ संचालित होगी। रेलवे द्वारा इस ट्रेन के डिब्बों की संख्या 08 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है, जिससे यात्रियों को बड़ी संख्या में अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलेगी और यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत गाड़ी संख्या 04871 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में एक तरफा उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा चलाकर की जाएगी। यह उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 22 मई 2026 को जोधपुर से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और जयपुर स्टेशन पर 17:10 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन 17:15 बजे जयपुर से प्रस्थान कर रात्रि 22:20 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी।

यह उद्घाटन स्पेशल ट्रेन मार्ग में मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुड़गांव स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे के अनुसार इस वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस में कुल 20 डिब्बे होंगे, जिनमें 02 एक्जीक्यूटिव चेयरकार, 16 वातानुकूलित चेयरकार और 02 ड्राइवर पावर कार शामिल रहेंगी।

रेल प्रशासन ने यह भी बताया कि नियमित रूप से संचालित होने वाली गाड़ी संख्या 26481/26482 जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी 24 मई 2026 से दोनों दिशाओं में 20 कोच के साथ संचालित होगी।

रेलवे के इस फैसले से जोधपुर, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी सहित पूरे मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सीटों की संख्या बढ़ने से टिकट उपलब्धता बेहतर होगी और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।