भुज-दिल्ली-भुज प्रतिदिन नई एक्सप्रेस रेलसेवा शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सौगात

जालोर। रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भुज-दिल्ली-भुज प्रतिदिन नई एक्सप्रेस रेलसेवा का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस नई रेलसेवा की शुरुआत जालोर से दिल्ली के मध्य एक तरफा उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के रूप में की जा रही है, जिससे यात्रियों को सीधा और तेज रेल संपर्क उपलब्ध होगा।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 04875 जालोर-दिल्ली एक तरफा उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा दिनांक 22 मई 2026 को जालोर से शाम 16:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन जयपुर स्टेशन पर 01:30 बजे पहुंचेगी तथा 01:40 बजे जयपुर से प्रस्थान कर सुबह 07:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।यह उद्घाटन स्पेशल ट्रेन मार्ग में मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।रेलवे के अनुसार इस उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 01 सेकंड एसी, 03 थर्ड एसी, 08 स्लीपर कोच, 04 सामान्य श्रेणी, साथ ही 01 गार्ड कोच एवं 01 पावरकार शामिल है।रेलवे की इस नई प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा से गुजरात के भुज क्षेत्र से दिल्ली तक यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यटन और आवागमन में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।